राजस्थान में मिले एक ही परिवार के सात कोरोना पॉजिटिव सदस्य
राजस्थान के सीकर जिले में कोरोना का कहर लगतार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को सुबह एक साथ आठ लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जो सभी नीमकाथाना ब्लॉक के हैं। खास बात यह है कि इनमें छह लोग रविवार को सांवलोदा तंवरान में कोरोना पॉजिटिव मिले शख्स के परिवार के हैं। जिनमें उसकी 38 वर्षीय पत्नी, 14 व 9 साल के दो बेटे, 11 साल की एक बेटी, छोटे भाई की 28 वर्षीय पत्नी और उसका 6 साल का बेटा शामिल है।
यह सभी मुंबई से ट्रक के जरिये सांवलपुरा तंवरान गांव पहुंचे थे। ऐसे में एक ही परिवार के अब सात लोग कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इसी तरह नीमकाथाना के वार्ड 13 और टटेरा गांव के दो लोगों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिनमें से 42 वर्षीय टटेरा गांव निवासी शख्स रविवार को कोरोना पॉजिटिव मिले शख्स का ही मुंबई में रूम पार्टनर था। दोनों साथ ही गांव आए थे। इसी तरह वार्ड 13 निवासी संक्रमित भी पहले मिले संक्रमित के साथ मुंबई से ट्रक में लौटा था।
60 पहुंचा आंकड़ा
नीमकाथाना में एक साथ आठ पॉजिटिव के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 60 पहुंच गया है। इनमें से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव से निगेटिव आने के बाद स्वस्थ घोषित हो चुके हैं।
पहले से जीरो मोबेलिटी
नीमकाथाना में मिले सभी आठ कोरोना पॉजिटिव के उपचार की कवायद स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है। तीनों ही जगह पहले से कोरोना संक्रमण मिलने के चलते पहले से ही जीरो मोबेलिटी घोषित है। सभी की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री के साथ संबंधितों को क्वारेंटीन करना शुरू कर दिया गया है।

No comments