केंद्र सरकार का आदेश: 15 अक्टूबर से देशभर में खुलेगें स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर
गृह मंत्रालय ने अनलॉक-5 के दिशानिर्देशों के तहत भारत में स्कूलों को 15 अक्टूबर से फिर से खोलने की अनुमति दे दी है. हालांकि, केंद्र ने राज्य सरकारों पर कोरोना की स्थिति के आकलन के आधार पर स्कूलों को अभी खोलने या न खोलने का निर्णय छोड़ दिया है. आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, दिल्ली समेत कई राज्य सरकारों ने 31 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का फैसला किया है. उत्तराखंड के इस हफ्ते अपना फैसला लेने की उम्मीद है|
यूपी में 15 अक्टूबर से स्कूल और कोचिंग खोले जा सकेंगे
उत्तर प्रदेश में अनलॉक 5 की गाइडलाइंस के मुताबिक 15 अक्टूबर से स्कूल और कोचिंग संस्थान खोले जा सकेंगे, लेकिन उसके लिए प्रशासन से मंजूरी लेना जरूरी होगा. छात्र स्कूल में अपने माता-पिता की लिखित सहमति के बाद ही स्कूल में उपस्थित हो सकते हैं. जिन स्कूलों को खोलने की अनुमति दी जाएगी, उन्हें शिक्षा विभाग के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा|
केंद्र ने स्कूल खोलने की छूट दी है, हालांकि इसके साथ ही कोविड से जुड़े सभी नियमों व सावधानियों का पालन करना होगा. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर जारी किया है. विभिन्न राज्य सरकारें इसके आधार पर अपने नियम जारी करेंगी, जिनका पालन स्कूलों को करना होगा|
दिल्ली सरकार अभी ऑनलाइन माध्यम से ही पढ़ाई जारी रखना चाहती है. वहीं हाल के दिनों में कुछ सर्वे हुए हैं जिनमें यही सामने आया कि पैरेंट्स अभी बच्चों को स्कूल नहीं भेजना चाहते.एक सर्वे के मुताबिक, 71 फीसदी अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार नहीं हैं. 9 फीसदी अभिभावक अभी इस विषय को लेकर अनिश्चित हैं|

No comments