राष्ट्रपति माननीय रामनाथ कोविंद ने की ये जरुरी घोषणा,
नई दिल्ली। कोरोना महामारी के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मार्च में पीएम केयर्स फंड में एक महीने का वेतन देने के बाद अब एक साल तक 30 फीसद कम वेतन लेने का निर्णय लिया है। वहीं राष्ट्रपति भवन की तरफ से बताया गया कि पारंपरिक समारोह के दौरान इस्तेमाल की जाने वाली लिमोज़ीन (कार) के खरीद के प्रस्ताव को भी स्थगित किया गया है।
बता दें कि इससे पहले अप्रैल में सरकार ने निर्णय किया था कि सांसदों के वेतन में एक वर्ष के लिए 30 फीसद की कटौती होगी और सांसद निधि भी दो साल के लिए निलंबित की जाएगी तथा इस राशि का इस्तेमाल कोरोना संकट से निपटने के लिए किया जाएगा।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री और मंत्रियों के वेतन में भी 30 फीसद की कटौती होगी। उस समय केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के बताया था कि प्रधानमंत्री, मंत्रियों और सांसदों ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में योगदान की खुद पेशकश की जिसके बाद यह निर्णय हुआ।
No comments