फ़्लाइंग फिश :- आप भी देखें समुन्द्र में पक्षियों की तरह उड़ती मछलियों के इस अदभुत नजारे को
महासागर :- पक्षियों के उड़ने की बात तो समझ में आती हैं, लेकिन मछलियों के उड़ने की बात कुछ विचित्र सी लगती है। लेकिन समुद्रों में कुछ उड़ने वाली मछलियां भी मिलती हैं। इन मछलियों को फ्लाइंग फिश या फ्लाइंग कॉड कहते हैं।
यह चिड़ियों की भांति तो नहीं उड़ती, परंतु पहले ये पानी की सतह पर तेजी से दौड़ती है और उसके बाद अपने पंख (fins) को फैला कर हवा में उड़ने लगती है। उड़ते समय इनके पंख फैल जाते हैं, लेकिन जैसे ही ये पानी में उतरती है वैसे ही पंख सिकुड़ जाते हैं। कुछ मछलियां तो हवा में 365 मीटर लंबी उड़ान भरती भी देखी गई है।
फ्लाइंग फिश की लंबाई 5 से 45 सेंटीमीटर तक होती है। उड़ान का काम यह अगले फिन्स से लेती है। उड़ने से पहले इसे हवाई जहाज की तरह दौड़ना भी पड़ता है। जैसे ही यह हवा में उड़ती है इसके अगले फिंस फैल जाते हैं।
अपनी मांसपेशियों की सहायता से यह उन्हें मजबूती के साथ फैलाए रहती है। कभी-कभी उड़ते समय यह पानी की लहरों से टकराती रहती हैं। उस समय इसका उड़ना बहुत ही अच्छा लगता है। लहरों से टकराने के कारण इसे उड़ने के लिए अतिरिक्त शक्ति मिल जाती है, जिससे यह अधिक दूर तक उड़ सकती है। यह मछली पानी से काफी ऊंचाई तक हवा में उड़ती रहती है।
कई बार तो ऐसा देखा गया है कि यह मछली इतनी ऊंची उड़ जाती है कि समुद्री जहाजों के डेक के ऊपर पहुंच जाती है। इससे जहाज के यात्रियों को ताजी मछली खाने के लिए मिल जाती है। फ्लाइंग फिश संसार के सभी समुद्रों में मिलती है। लेकिन इनकी संख्या बहुत कम है, इसलिए इनको उड़ते देख लोग आश्चर्य में पड़ जाते हैं।




No comments