मध्य प्रदेश में अब शराब भी ऑनलाइन बेचे जाएगी
भोपाल: मध्य प्रदेश में अब शराब भी ऑनलाइन बेचे जाएगी। मध्य प्रदेश की सरकार शराब की ऑनलाइन बिक्री को मंजूरी देने की तैयारी में है। प्रदेश के वाणिज्य कर विभाग ने एक प्रस्ताव मुख्यमंत्री सचिवालय को भेजा है। वहां से मंजूरी मिलते ही प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा।
ऑनलाइन शराब की बिक्री कर सरकार अवैध कारोबार रोकना और रेवेन्यू बढ़ाना चाहती है। मध्य प्रदेश के आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि शराब की ऑनलाइन बिक्री पर सरकार विचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस पर फैसला मुख्यमंत्री को करना है। सरकार आबकारी नीति में कई बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है।
सरकार का है ये मकसद
आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने बताया कि प्रदेश में नकली शराब और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अब अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गयी है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार की शिकायत पर आबकारी विभाग के बड़े अधिकारी से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।

No comments