कोरोना से कांग्रेस के इस बड़े नेता का हुआ निधन, बेटे ने ट्वीट कर दी जानकारी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले ही कोरोना से संक्रमित हुए थे।
बेटे फैजल पटेल ने ट्वीट कर दी जानकारी
अहमद पटेल के बेटे फैजल पटेल और बेटी मुमताज सिद्दीकी ने ट्विटर पर एक बयान जारी कर बताया कि उनके पिता ने बुधवार तड़के 3 बज कर करीब 30 मिनट पर अंतिम श्वांस ली। उन्होंने कहा, 'दुख के साथ अपने पिता अहमद पटेल की दुखद और असामयिक मृत्यु की घोषणा कर रहा हूं। 25 तारीख को सुबह करीब 3.30 बजे उनका निधन हो गया।'
एक महीने पहले हुए थे कोरोना संक्रमित
फैजल और मुमताज ने बताया कि लगभग एक महीने पहले उनके पिता कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। इलाज के दौरान उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। पटेल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक पटेल उनके राजनीतिक सलाहकार थे। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रहे पटेल पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाने जाते थे।

No comments