पाकिस्तान विमान हादसे में अब तक मिले 82 शव और मलबे में दबे होने की आशंका
पाकिस्तान में हुए यात्री विमान क्रैश में अब तक 82 लोगों के शव बरामद कर लिये गये हैं. इस विमान में 99 लोग सवार थे. आपको बता दें कि पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का एक यात्री विमान शुक्रवार को यहां जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास घनी आबादी वाले रिहाइशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ऐसी आशंका जतायी जा रही हैं कि विमान के मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं. दुर्घटनास्थल पर राहत बचाव जारी है|
अधिकारियों ने हादसे के संबंध में बताया कि उड़ान संख्या पीके-8303 लाहौर से आ रही थी और विमान कराची उतरने ही वाला था कि एक मिनट पहले मालिर में मॉडल कालोनी के निकट जिन्ना गार्डन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. राष्ट्रीय विमानन कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि पीआईए एयरबस ए320 में 91 यात्री और चालक दल के आठ सदस्य सवार थे. विमान हवाईअड्डे के निकट जिन्ना आवासीय सोसाइटी में दुर्घटनाग्रस्त हुआ|
मॉडल कालोनी इलाके से धुएं का काला गुबार उठते देखा गया
इससे पूर्व पीआईए के एक प्रवक्ता और मीडिया में आई कई खबरों में कहा गया था कि विमान में 107 लोग सवार थे. मॉडल कालोनी इलाके से धुएं का काला गुबार उठते देखा गया. स्थानीय न्यूज चैनल में चल रही खबर के अनुसार हादसे में तीन लोग बचे हैं जिनमें बैंक ऑफ पंजाब के अध्यक्ष जफर मसूद भी शामिल हैं और उन्होंने अपनी मां को फोन कर अपने कुशल होने की जानकारी दी.|
ऐसे 25-30 लोगों को भी अस्पताल ले जाया गया है जिनके घरों को इस विमान हादसे में नुकसान पहुंचा है. उनमें से अधिकतर जलने से झुलस गए थे. क्रैश लैंडिंग के दौरान विमान के पंख आवासीय कालोनी के घरों से टकराते गए और इसके बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में कम से कम 25 घरों को नुकसान पहुंचा है|


No comments