Breaking News

इस तारीख तक पूरे देश में बंद की जाएगी रेल सेवा, इन दो राज्यों में लॉकडाउन

भारत में भी कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। इसकी गंभीरता को देखते हुए राजस्थान और पंजाब में 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का फैसला लिया गया है। इसके पहले महाराष्ट्र के चार शहरों में लॉकडाउन किया गया है। यह भी खबर है कि 25 मार्च तक पूरे देश में रेलसेवा को भी बंद करने का निर्णय लिया गया है। रेलवे की बंदी की खबर एनडीटीवी ने दी है लेकिन इस खबर की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।


भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 60 से ज्यादा नए मामले सामने आने के साथ यह संख्या बढक़र 324 हो गई है। आज मुंबई के एक अस्पताल में एक और मरीज की मौत हो गई। वह 65 साल का था और की और बीमारियों से ग्रसित था। इसकी रोकथाम के लिए आज सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक जनता कफ्र्यू का भी आह्वान किया गया है। उधर, को कोरोना वायरस से इस वक्त सबसे ज्यादा पीडि़त इटली में फंसे 263 भारतीयों को आज वतन वापस लाया गया है। रविवार सुबह 7 बजे से देशभर में जनता कफ्र्यू की शुरुआत हो गई। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सुबह 7 बजे से रात 9 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। रविवार सुबह उन्होंने दोबारा ट्वीट किया कि सभी नागरिक इस देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें और कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं। जनता कफ्र्यू के दौरान श्रीनगर और बेंगलुरु जैसे शहरों में हालात वैसे ही देखे गए, जैसे कफ्र्यू लगने पर होते हैं। कश्मीर में हिंसक घटनाओं का इतिहास होने की वजह से बंदिशें लगाने का फैसला किया गया है। वहीं, बेंगलुरु पुलिस ने बेवजह घर से बाहर निकलने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कहा है कि हम किसी तरह की सख्ती नहीं बरतेंगे, न ही कोई जुर्माना लगाएंगे।

No comments